



भागलपुर के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के जगदीशपुर हाई स्कूल मैदान में एनडीए कार्यकर्ताओं का विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में हज़ारों की संख्या में एनडीए समर्थक और कार्यकर्ता जुटे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने दीप प्रज्वलित कर की। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह ने की, जबकि मंच संचालन जदयू जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने किया।

मंच पर भागलपुर जदयू सांसद अजय मंडल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कुमारी अर्पण, विजय यादव, रामविलास लोजपा के प्रदेश सचिव अमर सिंह कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष तथा एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य अजय राय ने मंचासीन नेताओं को अंगवस्त्र, बुके और बटेश्वर स्थान मंदिर का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि शाहनवाज हुसैन ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि बिहार और देश में विकास की रफ्तार एनडीए सरकार की वजह से बढ़ी है। साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं से 2025 में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में सांसद अजय मंडल और अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही दावा किया कि एनडीए की एकजुटता से विपक्ष को कोई चुनौती नहीं मिल सकेगी।
सम्मेलन में मौजूद हज़ारों कार्यकर्ताओं ने “2025 में फिर से नीतीश” का नारा लगाया। पूरा परिसर एनडीए समर्थकों के नारों से गूंज उठा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और नाथनगर से एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर भागलपुर सांसद अजय मंडल, पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन, बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रह्लाद सरकार, नाथनगर के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल तथा जदयू अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष महेश दास भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।













