



भागलपुर केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भागलपुर सर्किट हाउस में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात भागलपुर पहुंचने के बाद उन्हें तेज वायरल फीवर की शिकायत हुई। इसके बाद तुरंत डॉक्टरों की टीम बुलाई गई और उनका इलाज शुरू किया गया।

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद सिन्हा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को वायरल फीवर के साथ-साथ टाइफाइड की भी पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि रामनाथ ठाकुर पहले से ही ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और प्रोस्टेट जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्हें स्लाइन चढ़ाया गया है और डॉक्टर लगातार उनकी देखरेख कर रहे हैं।

मंत्री की अस्वस्थता की खबर सुनते ही भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन, जदयू नेत्री कहकशां परवीन और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह समेत कई प्रमुख नेता सर्किट हाउस पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।














