



भागलपुर के नाथनगर में एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की ओर से आपदा प्रबंधन विषयक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह प्रशिक्षण बालिका उच्च विद्यालय, अल्पसंख्यक छात्रावास परिसर में आयोजित हो रहा है।

इस कार्यक्रम में सहरसा और मुजफ्फरपुर जिले से आई 131 महिला गृह रक्षक प्रतिभाग कर रही हैं। चार दिवसीय यह विशेष प्रशिक्षण 2 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य करने की क्षमता विकसित करना है।
प्रशिक्षण क्लासरूम और ग्राउंड—दोनों स्तरों पर दिया जा रहा है। विशेषज्ञ प्रशिक्षक बाढ़, भूकंप, अगलगी जैसी आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, बचाव तकनीकों और राहत कार्य की बारीकियों को विस्तार से समझा रहे हैं। रेस्क्यू टीम संरचना, प्राथमिक सुरक्षा उपाय और आपातकालीन संचार व्यवस्था की जानकारी भी दी जा रही है।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की विधि, घरेलू उपकरणों की मदद से त्वरित सहायता, तथा प्राथमिक उपचार देने की तकनीकों को प्रैक्टिकल डेमो के माध्यम से सिखाया गया। साथ ही स्ट्रेचर के उपयोग, सीपीआर, और फायर सेफ्टी उपकरणों के सही प्रयोग की जानकारी भी प्रदान की गई।

एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण केवल तकनीकी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला गृह रक्षकों को मानसिक रूप से आपदा स्थितियों का सामना करने, लोगों को शांत रखने और स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी सिखाए जा रहे हैं।












