



भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता का आकलन करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। बिहार सरकार द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश के बाद यह विशेष जांच की गई।

कहलगांव एसडीएम अशोक प्रसाद मंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने सलेमपुर, पीरपैंती नगर पंचायत की खाद्य दुकान, पीरपैंती बाजार सहित कई पंचायतों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय, जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान, खाद्य दुकान, उबरक प्रतिष्ठान तथा राजस्व विभाग से जुड़े भूमि विवाद मामलों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम ने सभी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, पात्र लाभुकों को मिलने वाली सेवाओं, रिकॉर्ड संधारण, नियमितता, स्वच्छता, पोषक आहार वितरण और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का विस्तार से मूल्यांकन किया। कई स्थानों पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने का निर्देश भी दिया।

एसडीएम अशोक प्रसाद मंडल ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में चल रही योजनाओं और सेवाओं की समग्र समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को मानक के अनुरूप बेहतर और पारदर्शी सेवाएँ मिलें। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से आम जनता के बीच यह संदेश गया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुचारू रूप से पहुँचे, इसके लिए लगातार निगरानी और सख्त व्यवस्था लागू की जा रही है।














