



भागलपुर में पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि कर अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

इस दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने केंद्र की एनडीए सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता को गुमराह कर रही है और देश की व्यवस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं, जिससे गरीब परिवार बेघर हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि अगर सरकार कार्रवाई करना चाहती है, तो सबसे पहले गरीबों को रहने के लिए जमीन उपलब्ध कराए, उसके बाद ही कोई प्रशासनिक कदम उठाए जाएँ।
अजीत शर्मा ने सरकार से तुरंत प्रभावी और मानवीय कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि गरीबों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि आज का दिन हम सभी को डॉ. राजेंद्र प्रसाद के आदर्शों, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की भावना को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि देश तभी प्रगति करेगा जब नागरिक उनके बताई राह पर चलेंगे।














