



नवगछिया। जीरो माइल क्षेत्र में शनिवार की शाम एक बड़ा मामला सामने आया। यहां एक केला बेचने वाले व्यक्ति को दबंग दुकानदार ने दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल की पहचान विपिन कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय पन्ना लाल सिंह, निवासी महदतपुर, थाना नवगछिया के रूप में हुई है।
घायल ने बताया कि वह जीरो माइल चौक कर केला बेचने का काम करता है। घटना के समय वह एक दुकान के सामने से गुजर रहा था, तभी गलती से पांव लग गया। इसी बात पर दुकानदार मनीष कुमार ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और फिर मारपीट करने लगा। आरोप है कि मनीष कुमार ने उसे बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

मारपीट की घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन किसी ने हिम्मत कर बीच-बचाव नहीं किया। व्यक्ति अधमरा हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर मायागंज रेफर कर दिया गया।
वहीं, महदतपुर के ग्रामीणों ने बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल में ले जाया जाएगा। घटना के बाद जीरो माइल चौक पर दहशत का माहौल है। यह वारदात देर शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है।













