



नवगछिया।
बीते सोमवार को नवगछिया पोखर में संदेहास्पद स्थिति में मिली अज्ञात महिला के शव की पहचान कर ली गई है। मृतका की पहचान गौशाला रोड निवासी आलू विक्रेता की माता रामा देवी, पत्नी स्वर्गीय ऊर्ज नारायण साह (उम्र लगभग 70 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामा देवी 9 नवंबर की शाम से लापता थीं। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। अगले दिन यानी 10 नवंबर को पोखर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

मंगलवार सुबह जब परिजनों को इस संबंध में जानकारी मिली, तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। बताया जा रहा है कि मृतका का घर घटनास्थल से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है।
मृतका के चार पुत्र हैं — बड़े पुत्र अरुण साह, जो राजेंद्र कॉलोनी नवगछिया में रहते हैं; दूसरे पुत्र स्वर्गीय संजय साह, जिनका पूर्व में निधन हो चुका है; तीसरे पुत्र राजीव साह और चौथे पुत्र रामचंद्र साह।

परिजनों के अनुसार, रामा देवी संभवतः हरनाथचक स्थित अपने पुराने घर जा रही थीं। रास्ते में शौच के लिए रुकी होंगी, उसी दौरान यह घटना घटित हो गई होगी। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि यह मामला संदेहास्पद है और इसकी गहन जांच की आवश्यकता है।
फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग वास्तविक कारणों को जानने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
















