



नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अफ़ज़ल अस्पताल छोड़कर परिसर से बाहर रोड के सामने स्थित एक निजी मेडिकल सह हेल्थ क्लीनिक में मरीजों का इलाज करते पाए गए।
इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में दर्जनों मरीज इलाज के इंतजार में पड़े रहे, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टर के अनुपस्थित रहने पर मरीजों और उनके परिजनों ने विरोध किया और इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार को दी। अस्पताल प्रबंधक मौके पर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक अस्पताल के अंदर नहीं मिले। इसके बाद सुरक्षा गार्ड को चिकित्सक को बुलाने का निर्देश दिया गया।

स्थानीय युवकों द्वारा बनाए गए वीडियो में देखा गया कि डॉ. अफ़ज़ल निजी मेडिकल से निकलकर चाय पीने का बहाना बनाते हुए अस्पताल के सामने स्थित चाय दुकान की ओर चले गए। इस समय इमरजेंसी वार्ड में करीब एक दर्जन मरीज इलाज के इंतजार में थे, जिनमें से दो-तीन मरीज मारपीट में गंभीर रूप से घायल बताए गए ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने उपाधीक्षक को फोन पर पूरी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जबकि जांच से पहले सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना पर भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन मंडल भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और एसडीएम रोहित कर्दम व सिविल सर्जन को पत्राचार कर दोषी चिकित्सक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश कुमार ने बताया कि आरोपित चिकित्सक डॉ. अफ़ज़ल को नोटिस जारी किया जा रहा है और पूरी जानकारी सिविल सर्जन को दी जाएगी।

गौरतलब है कि अस्पताल परिसर में जीविका दीदियों द्वारा संचालित कैंटीन की सुविधा मौजूद है। इसके बावजूद ड्यूटी के दौरान चिकित्सक का अस्पताल परिसर छोड़कर बाहर चाय पीने जाना अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।













