



नवगछिया । नववर्ष के शुभ अवसर पर नवगछिया के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अध्याय शुरू हुआ है। नवगछिया के एक निजी आवास पर नवगछिया क्रिकेट अकादमी का विधिवत गठन किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं उचित मंच प्रदान करना है।

अकादमी के गठन के दौरान सर्वसम्मति से राजेश कुमार झा को अध्यक्ष, प्रफुल्ल कुमार सिंह को सचिव, निलेश कुमार झा को संयुक्त सचिव, संतोष बब्बू को कोषाध्यक्ष तथा नीतीश कुमार को निदेशक नियुक्त किया गया। वहीं सदस्य के रूप में आशुतोष कुमार, पंकज कुमार, अवनीश कुमार, आशुतोष कुमार (मुरारी) तथा अरुण कुमार भगत को शामिल किया गया है।

नवगछिया क्रिकेट अकादमी के कोच के रूप में राज सिंह नवीन एवं अनुराग साह खिलाड़ियों को आधुनिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। अकादमी प्रबंधन ने बताया कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
अकादमी की ओर से 4 जनवरी से कचहरी मैदान में क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी भी शामिल होकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय क्रिकेट की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय खेल प्रेमियों ने नवगछिया क्रिकेट अकादमी के गठन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में क्रिकेट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। अकादमी के माध्यम से नवगछिया के युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का एक सशक्त मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।














