



नवगछिया। खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 का आयोजन पटना में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व अंडर-19 के वजन 55 से 59 किलो वर्ग में नवगछिया की ताइक्वांडो खिलाड़ी आनन्या वात्सल्य ने करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया और जिले का नाम रोशन किया।
एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र, नवगछिया में प्रशिक्षण लेने वाली आनन्या वात्सल्य ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रशिक्षक और अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने कहा कि यह नवगछिया और भागलपुर जिले के लिए गर्व की बात है।

पदक जीतने पर आनन्या के पिता संजय कुमार सुमन और माता कुमारी चित्रलेखा अत्यंत खुश हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ यह उपलब्धि हासिल की है। आनन्या पहले भी कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर नवगछिया का नाम रोशन कर चुकी हैं।

इस उपलब्धि पर भागलपुर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, जिला महासचिव घनश्याम प्रसाद, संयुक्त सचिव जेम्स फाइटर, नवगछिया खेल संघ अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, ताइक्वांडो प्रशिक्षक मोनी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, तान्या वात्सल्य सहित सतीश मिश्रा, आमिर खान, मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, रवि रंजन, मोहम्मद नाजिम, शिक्षाविद रामकुमार साहू, सुमित कुमार साहू, सुनील कुमार, महिला क्रिकेट कोच कंचन सिंह, समाजसेवी गौतम यादव, पिंटू यादव, ताइक्वांडो खिलाड़ी शिवम कुमार, आराध्या सिंह, देवाश्री, प्रिया कुमारी, हरिओम कुमार, आंचल कुमारी, ललित कुमार, अमन कुमार, सुमित कुमार और अन्य ने आनन्या को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
जेम्स फाइटर ने कहा कि आनन्या की यह उपलब्धि नवगछिया के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने सभी प्रतिभाओं से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आग्रह किया। इस जीत ने नवगछिया को खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई है और आने वाले समय में यहां के युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर और संभावनाओं को बढ़ाया है।
















