



नवगछिया :
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बयान जारी कर पुलिस जिला नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा देने की मांग को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि नवगछिया वासियों की लंबे समय से यह बहुप्रतीक्षित मांग रही है कि पुलिस जिला नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला घोषित किया जाए।

अरुण कुमार यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा के साथ नई सरकार बने तीन माह पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक नवगछिया को जिला का दर्जा देने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेता एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चुनावी जनसभा में घोषणा की थी कि एनडीए की सरकार दोबारा बनने पर नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि केवल जिला का दर्जा ही नहीं, बल्कि नवगछिया क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योग-धंधे स्थापित करने का भी वादा किया गया था, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके। लेकिन वर्तमान में बिहार विधानसभा का बजट सत्र चलने के बावजूद सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई चर्चा या पहल सामने नहीं आई है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र के लोग विकास और प्रशासनिक सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन सरकार की चुप्पी से लोगों में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से जल्द इस दिशा में ठोस निर्णय लेने की मांग की, ताकि क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन का रास्ता खुल सके।














