



नवगछिया। मद्य निषेध के तहत नवगछिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवा ट्रक से कुल 1473.12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में खलासी चंदन यादव को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 07.12.25 को हाईवा ट्रक, रजि० नं० OD09K 8613 के मालिक ने नवगछिया थाना को सूचना दी कि उन्होंने यह ट्रक चालक सहित भाड़े पर दिया था। उन्हें पता चला कि दूसरे चालक द्वारा ट्रक में गिट्टी के भीतर भारी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही थी।
सूचना मिलते ही नवगछिया थाना टीम ने वाहन मालिक के सहयोग से हाईवा ट्रक और खलासी को तेतरी स्थित जी.एस. धर्मकाटा के पास पकड़ा। वाहन चालक भागने में सफल रहा। ट्रक की तलाशी के दौरान डाले गए गिट्टी में छिपाकर रखे 164 कार्टून (4128 बोतल) शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1473.12 लीटर थी।

गिरफ्तार अभियुक्त चंदन यादव ने पूछताछ में बताया कि भीम यादव के कहने पर वह यह लोड दुमका से महेशखुंट तक ले जाने जा रहा था।
इस मामले में नवगछिया थाना ने कांड संख्या 408/25 दिनांक 07.12.25 के तहत धारा 30 (ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अज्ञात चालक, शराब तस्कर और हाईवा ट्रक के स्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















