


सीबीआई एंटी करप्शन ब्रांच पटना की बड़ी कार्रवाई
नवगछिया। नवगछिया में गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच पटना की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नवगछिया रेलवे स्टेशन पर तैनात रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के इंस्पेक्टर मनोज कुमार को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने उन्हें तत्काल हिरासत में लेकर पटना रवाना कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर मनोज कुमार किसी व्यक्ति से जमीन की अवैध बंदोबस्ती के मामले में ₹15,000 की घूस मांग रहे थे। शिकायत मिलते ही सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच पटना ने जाल बिछाया और गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे जब मनोज कुमार रिश्वत की राशि लेकर अपने आवास की ओर जा रहे थे, तभी पानी टंकी के समीप टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान सीबीआई टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की। इसके बाद आरोपी इंस्पेक्टर को अपने साथ लेकर पटना चली गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम शुक्रवार को आरोपी को साक्ष्य सहित न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।


घटना की सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) विभाग में हड़कंप मच गया। सोनपुर मुख्यालय को सूचना दी गई, जिसके बाद आरपीएफ कमांडेंट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नवगछिया आरपीएफ निरीक्षक मनोज कुमार को निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर असिस्टेंट कमांडेंट कृष्ण कुमार तिवारी ने पूरे मामले की जांच की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दी है।

इधर विभाग ने नवगछिया आरपीएफ पोस्ट पर नए प्रभारी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सीबीआई की इस कार्रवाई से रेल सुरक्षा बल के भीतर भी हलचल तेज हो गई है और अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि नवगछिया आरपीएफ क्षेत्र में पिछले कुछ समय से भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें अब सीबीआई की कार्रवाई ने उजागर कर दिया है। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल के कई अधिकारियों में डर का माहौल देखा जा रहा है।
















