



नवगछिया के स्टेशन रोड स्थित शांति कॉम्प्लेक्स के समीप बीच सड़क पर जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसका इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घायल की पहचान नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी निवासी सन्नी कुमार पिता नरेश साह के रूप में हुई है।

घायल सन्नी कुमार ने बताया कि वह बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान स्टेशन रोड में शांति कॉम्प्लेक्स के पास एक बाइक सवार युवक उसकी बाइक में बार-बार ठोकर मार रहा था। जब उसने इसका कारण पूछा, तो आरोप है कि नशे में धुत उक्त युवक बाइक से उतरकर उसकी पिटाई करने लगा।

घटना बीच सड़क पर होने के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल गश्ती दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
















