



भागलपुर जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। अभियान के छठे चरण में भागलपुर पुलिस ने 101 मोबाइल धारकों को उनके खोए या गुम हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है।

इस अवसर पर सिटी पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी जांच के साथ-साथ विशेष टीम के माध्यम से कार्रवाई कर रही है। विभिन्न थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया गया और संबंधित धारकों को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह पहल आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता से यह संभव हो सका। मोबाइल धारकों ने इस पहल के लिए भागलपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और अभियान की सराहना की।

मोबाइल धारक शीला कुमारी, सबौर, भागलपुर ने बताया कि मोबाइल खो जाने के बाद वे काफी परेशान थीं, लेकिन पुलिस द्वारा मोबाइल लौटाए जाने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। वहीं शाहकुंड, भागलपुर के मोबाइल धारक शिवम कुमार ने कहा कि पुलिस की इस पहल से आम लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई है।
भागलपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और खोई संपत्ति वापस दिलाई जा सके।













