4
(1)

नवगछिया : पटना के बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना में आज से साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) की भव्य शुरुआत हुई। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ और बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा किया जा रहा है। दीप प्रज्वलन के साथ अतिथियों ने चैंपियनशिप का विधिवत शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि बॉल बैडमिंटन भारत के प्राचीन खेलों में से एक है और इसके खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस खेल के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा तथा भारत सरकार से मान्यता प्राप्त इस खेल को लोकप्रिय बनाने में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने कहा कि पटना में पहली बार साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन होना राज्य और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि महासंघ द्वारा खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं तथा आने वाले वर्षों में एशियन चैंपियनशिप के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ एशिया के महासचिव अमिश रेगमी (नेपाल), श्रीलंका बॉल बैडमिंटन फेडरेशन की महासचिव श्यामली जयसूर्या, नेपाल बॉल बैडमिंटन फेडरेशन के अध्यक्ष संजय यादव और भूटान बॉल बैडमिंटन फेडरेशन की प्रतिनिधि रूपाश्रि गुप्ता उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता प्रतिवेदन भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के महासचिव वाई. राजा राव ने प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शौकत अली ने किया। मंच संचालन लीना प्रिया तिवारी ने किया।

इस अवसर पर भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव कौशल दीक्षित, जम्मू-कश्मीर के सचिव बासित खान, नेपाल की ओर से टीकाराम ढकाल, सुशीला लुइटेल, सीता यादव, भूटान की ओर से ठुकटें सिंगे, शीरींग, केलजंग, सोनम वंगुरु, बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता, डॉ. सुनील कुमार सिंह, निदेशक पवन कुमार केजरीवाल, मुख्य निर्णायक एस. जी. ज्योतिष, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, रंजन गुप्ता, बिहार बैडमिंटन संघ के सचिव के. एन. जायसवाल, पुष्कर देव, रवि रंजन कुमार, नेहा रानी, प्राचार्य परमानंद मंडल, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम हाई स्कूल और धनेश्वरी देवनंदन कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दानापुर के बैंड दल द्वारा आकर्षक धुन प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि अवधेश नारायण सिंह ने दोनों बैंड दलों को पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही धनेश्वरी कन्या विद्यालय दानापुर की छात्राओं ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

खेल परिणामों की बात करें तो आज खेले गए उद्घाटन प्रदर्शनी मैच में भारत ने श्रीलंका को 35-12 और 35-15 से पराजित किया। भारत की ओर से कप्तान के. अरुण कुमार, दीपक प्रकाश रंजन और धीरज रेड्डी ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं महिला वर्ग के एकतरफा मुकाबले में भारत ने नेपाल को 35-14 और 35-12 से हराया। महिला टीम की ओर से कप्तान जयलक्ष्मी, एम. जेनिफर और साक्षी कुमारी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप के अंतर्गत अगले मुकाबले कल सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे। यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: