



कार्यक्रम के दौरान वेब मीडिया जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने संगठन की अब तक की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वेब मीडिया समागम पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जिससे आपसी संवाद, प्रशिक्षण और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत किया जा सके।

भागलपुर के आनंद उत्सव पैलेस में वेब मीडिया समागम के सातवें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन सत्र आज भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मीडिया जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, वेब मीडिया प्रतिनिधियों और अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण मीडिया विमर्श और संवाद से जीवंत हो उठा।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे, भाजपा बिहार मीडिया पैनलिस्ट डॉ. प्रीति शेखर, भागलपुर नगर विधायक रोहित पांडे, वेब मीडिया जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल, न्यूज़ 18 के एडिटर-इन-चीफ मनोज मल्याणी, न्यूज़ 18 के बिहार संपादक बृजमोहन सिंह, वेब मीडिया एसोसिएशन नेशनल के एग्जीक्यूटिव मेंबर विजय सिन्हा, कुमार आदित्य तथा वेब मीडिया संगठन के भागलपुर जिला अध्यक्ष श्यामानंद सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने कहा कि डिजिटल पत्रकारिता आज लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, पारदर्शिता बढ़ाने और जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से सामने लाने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वेब मीडिया ने आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाया है और समाज में जागरूकता लाने में इसकी भूमिका निरंतर बढ़ती जा रही है।
अन्य वक्ताओं ने भी वेब मीडिया की भूमिका, उसकी जिम्मेदारियों और बदलते मीडिया परिदृश्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में वेब मीडिया की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और सामाजिक उत्तरदायित्व और भी महत्वपूर्ण हो गए हैं।

आयोजन समिति के अनुसार, वेब मीडिया समागम के सातवें स्थापना दिवस समारोह का समापन कल विभिन्न सत्रों, परिचर्चाओं और कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा, जिसमें डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।













