



भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। झीमझीम बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ से यात्री भरा एक टेंपू अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के राहगीर तुरंत पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।

हादसे में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कटिहार के बकिया निवासी सुनीता देवी और रामदास मंडल के रूप में हुई है। सुनीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि रामदास मंडल का बायां पैर टूट गया। दोनों को स्थानीय लोगों और टेंपू चालक की मदद से तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है, जिससे वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहगीरों और स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल सका। इस हादसे ने एक बार फिर इलाके की जर्जर सड़कों की समस्या को उजागर कर दिया है।













