



भागलपुर । पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना का संस्थापन जल्द ही होने जा रहा है। इसके शिलान्यास की संभावना निकट भविष्य में है। इसी कड़ी में स्थल निरीक्षण हेतु ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के सचिव मनोज कुमार सिंह तथा बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार मंगलवार को पीरपैंती पहुंचे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के उपरांत ऊर्जा विभाग के सचिव ने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से लगभग साढ़े तीन हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्लांट के चालू हो जाने से न केवल ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी।













