4.5
(2)

भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 नवंबर 2025 को भागलपुर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

प्रधानमंत्री का यह दौरा सुबह 10 बजे निर्धारित है। उनके आगमन के मद्देनज़र शहर के कई प्रमुख मार्गों पर 6 नवंबर की सुबह से ही वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से परहेज़ करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

प्रशासन के अनुसार जिन मार्गों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा, उनमें कचहरी चौक से तिलकामांझी चौक तक, मंझली चौक से तिलकामांझी चौक तक, तिलकामांझी चौक से जीरोमाइल चौक होते हुए कॉलेज गेट तक, वार्ष्णीकर चौक से हवाई अड्डा प्रवेश द्वार तक तथा वार्ष्णीकर चौक से जीरोमाइल चौक होते हुए चम्पानगर मीट हाउस तक के मार्ग शामिल हैं। इन रास्तों पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम समाप्त होने तक आम वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है।
बिक्रमशिला पुल की ओर से आने वाली गाड़ियों के लिए महिला आईटीआई परिसर के पीछे, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के मैदान में, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने बुनकर भवन परिसर में तथा चम्पानगर बाइपास क्षेत्र के खाली मैदान में पार्किंग की सुविधा दी गई है।
गोराडीह, जगदीशपुर और नाथनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वाईएनटी रोड टोल प्लाजा, जीरोमाइल चौक के पास खाली स्थान और बंशीतल चौक के आसपास स्थित बगीचों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं नाथनगर से आने वाले वाहनों के लिए सीएनबीएसआरएन स्कूल, जिला स्कूल, लाजपात पार्क मैदान, सरकारी बस स्टैंड और तातारपुर स्थित कॉलेज परिसर को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
कहलगांव की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज और IIIT भागलपुर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात को नियंत्रित करें।

यातायात डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात दोनों सुचारू रूप से संचालित हों।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर भागलपुर में उत्साह का माहौल है। शहर में साफ-सफाई और सजावट के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जबकि प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: