



नवगछिया । नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना अंतर्गत पुलिस को बुधवार की रात गश्ती के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन जांच के क्रम में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों की तलाशी लेने पर रोहित कुमार (पिता- विनोद सिंह, निवासी सहौरा, थाना रंगरा, जिला भागलपुर) के पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसके साथ मौजूद दूसरा अभियुक्त राजकिशोर सिंह (पिता- स्व. सुरेश सिंह, निवासी सहौरा, थाना रंगरा, जिला भागलपुर) को भी मौके से हिरासत में लिया गया।

इस संबंध में रंगरा थाना कांड संख्या 154/25 दिनांक 10.07.2025 को भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (1-बी) ए, 26, 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामदगी में एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस शामिल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह हथियार कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। रंगरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार के खिलाफ अभियान को बल मिला है।













