



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित रेफरल अस्पताल में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने की। इस अवसर पर अस्पताल से जुड़ी व्यवस्थाओं, मरीजों की सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में रेफरल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी सह रोगी कल्याण समिति के सचिव कुंदन भाई पटेल उपस्थित रहे। उनके अलावा समिति की सदस्य श्रीमती रानी झा, डॉ. अलका चौधरी, मनीष कुमार, मुकेश सिंह एवं चंदन दास भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान रोगियों के कल्याण से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। मरीजों को बेहतर इलाज, समय पर दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे। समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर भी सहमति बनी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि रोगी कल्याण समिति का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी सदस्यों को समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण भी मौजूद रहे। अंत में यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।













