



भागलपुर जिले के सबौर अंचल कार्यालय के पास स्थित एक बगीचे में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता का शव लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान साहिल दास की पत्नी सीमा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सीमा देवी का विवाह महज एक वर्ष पूर्व हुआ था और वह अक्सर घर में अकेली रहती थी, क्योंकि उसका पति दूसरे राज्य में मजदूरी करता है।
घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जिस प्रकार से शव पेड़ से लटका मिला, उस पर संदेह भी जताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और मृतका के परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच तनाव था।

पेड़ की ऊंचाई और फंदे के बांधने के तरीके को देखकर कई लोग इसे खुद से जान देने की नहीं मान रहे हैं। वहीं, मृतका के परिजनों ने भी इसे एक साजिश बताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तफ्तीश की जा रही है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।













