



भागलपुर ।
समाहरणालय परिसर, प्रखंड परिसर सुल्तानगंज तथा प्रखंड परिसर इस्माइलपुर में गुरुवार को आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन सुरक्षा को लेकर संयुक्त मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास दोपहर 12:30 बजे वरीय उप समाहर्ता अंकित चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों को पहले से तैयार एवं सतर्क करना था।

इस मॉकड्रिल में प्रशिक्षित आपदा मित्र (स्वयंसेवक) एवं अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभ्यास के दौरान सायरन बजते ही कार्यालयों में मौजूद कर्मियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया। साथ ही भूकंप या अन्य आपदाओं की स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा तकनीकों, जैसे झुको, ढको और पकड़ो, की जानकारी दी गई, ताकि लोग आपात स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें।
अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। आग बुझाने वाले यंत्रों के सही उपयोग के लिए ‘पास’ तकनीक को सरल भाषा में समझाया गया, जिससे जरूरत पड़ने पर कोई भी व्यक्ति उसका सही ढंग से इस्तेमाल कर सके।
इसके अतिरिक्त खोज एवं बचाव अभ्यास के तहत आपदा मित्रों ने घायल व्यक्तियों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल के दौरान सभी कर्मियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मौके पर वरीय उप समाहर्ता अंकित चौधरी ने कहा कि आपदाएं कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आतीं, इसलिए पहले से अभ्यास और तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉकड्रिल से वास्तविक आपदा के समय घबराहट कम होती है और सभी लोग बेहतर समन्वय के साथ स्थिति से निपट सकते हैं।














