


नवगछिया में VIP प्रमुख मुकेश सहनी का हुआ भव्य स्वागत
कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
नवगछिया। विकाशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी का मंगलवार को नवगछिया आगमन पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। नवगछिया के खरीक एनएच 31 टोल प्लाजा पर सैकड़ों गाड़ियों का काफिला और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। टोल प्लाजा से लेकर नवगछिया बाजार होते हुए मारवाड़ी धर्मशाला तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा मार्ग जश्न के रंग में रंग गया।
स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह और प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने की, जबकि मंच संचालन प्रोफेसर विभांशु मंडल ने संभाला। इस अवसर पर डब्लू यादव और प्रीति कुमारी ने मुकेश सहनी को शॉल, श्रीफल, बुके, चांदी का मुकुट और तलवार भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उन्हें लाद दिया और जोरदार नारेबाजी की।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष युवराज सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रह्म देव चौधरी, प्रदेश महासचिव लाल बाबू सहनी, चांदनी देवी, दिलीप यादव, राजेंद्र ठाकुर, सिकंदर सिंह, कार्यकर्ता नरेश सिंह, संजय सिंह, पिंकी पासवान और जिला प्रभारी विकास भारती समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन आपसी सहमति से तय करेगा कि किस सीट पर किसका प्रत्याशी उतरेगा। महागठबंधन बिहार के सभी सीट पर सर्वे करवाएगा । सर्वे के बाद जिसका नाम आएगा उसे टिकट दिया जाएगा । उन्होंने कहा कि नवगछिया की तरफ प्रेम सागर डब्लू यादव ने शानदार शक्ति प्रदर्शन किया और पहली बार बाजार में भी स्वागत महागठबंधन के नेताओं को देखने को मिला जो जल्दी कहीं नहीं मिलता हैं निश्चित रूप से क्षेत्र के लोग प्रेम सागर को चाहते हैं । यदि नवगछिया सीट VIP के खाते में आती है तो प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव को टिकट निश्चित रूप से दिया जाएगा। उन्होंने नवगछिया और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और बरारी जाने के दौरान बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
डब्लू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि उन्हें मौका मिला तो वे इस सीट को जीतकर पूरी तरह से पार्टी और जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा करना है, जिसके लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
यह कार्यक्रम न केवल एक राजनीतिक सभा था, बल्कि VIP कार्यकर्ताओं के उत्साह और एकजुटता का प्रदर्शन भी बन गया, जिसमें नवगछिया की गलियां नारेबाजी और स्वागत गीतों से गूंज उठीं।












