



भागलपुर (सुल्तानगंज):
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर रविवार को रिमझिम बारिश के बावजूद लाखों कांवरियों ने अजगैबीनाथ धाम के उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाई। जानकारी के मुताबिक, देर रात से ही अजगैबीनाथ धाम में मूसलधार बारिश हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद कांवरियों और डाक बमों का जोश देखने लायक था। लाखों कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाकर गंगा जल लिया और फिर स्थानीय पंडितों के द्वारा गंगा जल का संकल्प कराया गया।

इसके बाद कांवरियों ने बाबा भोलेनाथ की भक्ति में डूबकर “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाए और अजगैबीनाथ धाम से देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम की ओर पैदल और वाहनों से रवाना हो गए। इस मौके पर जिला प्रशासन ने अजगैबीनाथ मंदिर, गंगा घाट और कांवरिया मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे। साथ ही नगर परिषद सुल्तानगंज ने गंगा घाट से लेकर पूरे शहर में सफाई अभियान चलाया था ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न हो।

इस आयोजन के दौरान कांवरियों की संख्या और उनका श्रद्धा भाव देखने योग्य था। उन्हें देख हर कोई मंत्रमुग्ध था और पूरा क्षेत्र “बोल बम” के उद्घोष से गूंज उठा।













