



भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य के लोगों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की ऐतिहासिक घोषणा के बाद पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। इस फैसले का स्वागत करते हुए भागलपुर महानगर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जदयू महानगर के जिला अध्यक्ष संजय साह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने का निर्णय खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा। इससे न केवल आर्थिक बोझ में कमी आएगी, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।

संजय साह ने यह भी कहा कि नीतीश सरकार ने हमेशा जनता की बुनियादी ज़रूरतों को प्राथमिकता दी है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बिहार में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। मुख्यमंत्री का यह निर्णय उनकी जनकल्याणकारी सोच को स्पष्ट रूप से दर्शाता है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा।














