



24 दिन बाद भागलपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, परिजनों ने जताया आभार
भागलपुर। स्कूल के लिए निकलीं और रहस्यमय तरीके से लापता हुईं दो छात्राएं सोनाक्षी और जिया को भागलपुर पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों छात्राएं 8 जनवरी को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। अगले दिन 9 जनवरी को परिजनों ने बबरगंज थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम की मॉनिटरिंग सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह कर रहे थे। आठ सदस्यीय एसआईटी टीम ने तीन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और सीसीटीवी फुटेज, रेलवे टिकट सहित कई तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों को जोड़ते हुए जांच को आगे बढ़ाया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दिल्ली और मुंबई पुलिस के सहयोग से दोनों छात्राओं को मुंबई के डोंगरी सीएचसी के पास से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी की सूचना मिलते ही बबरगंज पुलिस ने छात्रा के पिता को जानकारी दी। इसके बाद परिजन थाना पहुंचे, जहां से उन्हें एसएसपी कार्यालय ले जाया गया। बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और भागलपुर पुलिस को धन्यवाद दिया।
सोनाक्षी की मां ने कहा कि यदि पुलिस इसी तरह सक्रियता दिखाती रहे तो बिहार जरूर सुधरेगा। उन्होंने मीडिया कर्मियों का भी आभार जताते हुए कहा कि उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का ही परिणाम है कि आज उनकी बेटी सुरक्षित मिल सकी।

मामले को लेकर एसएसपी प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता कर बरामदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद से ही लगातार जांच की जा रही थी। इस अभियान में डीआईयू (DIU) की टीम को भी शामिल किया गया था। दोनों छात्राओं के मिसिंग फोटो भी जारी किए गए थे।
एसएसपी ने बताया कि भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हो रही है, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर छात्राओं को सुरक्षित घर लाया जा सके।













