



भागलपुर जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र अंतर्गत 12 नंबर गुमटी, लालूचक में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। यह घटना बीती रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारात के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई थी। शुरुआत में मामला शांत हो गया, लेकिन सुबह होते-होते विवाद फिर उग्र हो गया। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि शादी वाले घर से 10 से 15 लोगों की भीड़ अचानक उनके घर में घुस आई और उन पर हमला कर दिया।

इस हमले में एक बाप-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक वृद्ध महिला की कमर टूटने की सूचना है। कुल मिलाकर पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन लोग एक पक्ष से और दो लोग दूसरे पक्ष से हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही इशाकचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि अब तक दूसरे पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से शिकायत और बयान दर्ज करने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से बात कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है।













