



भागलपुर की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन किया है। कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भागलपुर की रुद्राणी रानी और इक़ुरा क़मर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए।
रुद्राणी रानी, जिनकी उम्र 14 वर्ष है और जो इंटर लेवल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा हैं, ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवांवित किया। वहीं इक़ुरा क़मर ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों प्रतिभाशाली बालिकाएं भागलपुर अकैडमी ऑफ कराटे एंड जूडो क्लब से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

जिला कराटे संघ, भागलपुर के अध्यक्ष शिहान मो. मसीउल ओला ने बताया कि ये दोनों खिलाड़ी पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई थीं और अपने समर्पण, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऐतिहासिक जीत से अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

इस सफलता पर जिला कराटे संघ के महासचिव मनीष कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष बाल्मीकि कुमार, स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. जिनत प्रवीन, नाथनगर के विधायक अशरफ सिद्दीकी और भागलपुर के कई मीडिया कर्मियों ने दोनों विजेता छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
भागलपुर की इन बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर लगन और आत्मविश्वास हो तो किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। उनके इस प्रयास से न सिर्फ जिले को बल्कि पूरे बिहार को उन पर गर्व है।













