0
(0)

भागलपुर: सावन माह के पावन अवसर पर भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर दिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की 105 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा पर निकल रहे हैं।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से आए दो युवा श्रद्धालु, अजय गुप्ता और कुंदन साहनी, विशेष उद्देश्य और मन्नत के साथ सुल्तानगंज पहुंचे। दोनों ने अजगैबीनाथ धाम से 100 किलो गंगाजल अपनी कांवड़ में भरकर बाबा धाम की ओर पैदल यात्रा आरंभ की। नंगे पांव, पक्की सड़क पर भारी कांवड़ उठाए हुए ये श्रद्धालु पूरी आस्था और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

अजय गुप्ता और कुंदन साहनी का कहना है कि वे इस यात्रा के माध्यम से दो मुख्य संकल्पों की पूर्ति की कामना कर रहे हैं। पहला, गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलवाना और दूसरा, गरीब, जरूरतमंद एवं लाचार लोगों के लिए एक सेवा आश्रम की स्थापना करना। इनका मानना है कि बाबा बैद्यनाथ के दरबार में की गई प्रार्थना अवश्य सफल होगी।

यात्रा के दौरान दोनों श्रद्धालुओं ने आम लोगों से यह अपील भी की कि वे अपने माता-पिता की सेवा करें और उन्हें सम्मान दें, क्योंकि यही सच्ची भक्ति और मानव धर्म है। सावन माह में आस्था, सेवा और समाज कल्याण का यह संगम श्रद्धालुओं की भक्ति को और भी प्रेरणादायक बना रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: