5
(2)

भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारी को लेकर सोमवार को सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने की। बैठक में सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति राजकुमार गुड्डू, उप सभापति नीलम देवी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला एक अंतरराष्ट्रीय पहचान वाला आयोजन है, ऐसे में इसकी तैयारी श्रद्धा और सेवा भावना के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि कांवरिया पथ पर बालू की मोटाई कम से कम दो इंच हो और उसमें किसी प्रकार का कंकर-पत्थर न हो। इसके लिए बालू का भंडारण कहां-कहां किया गया है, उसकी जियो टैग लोकेशन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बालू पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव हो।

उन्होंने कहा कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों पर उपयोग में लाई जा रही वस्तुओं के ब्रांड की सूची और नगर परिषद द्वारा निर्धारित मूल्य सूची को प्रदर्शित करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

पीएचइडी विभाग को निर्देश दिया गया कि शौचालयों की साफ-सफाई दुरुस्त की जाए और चापाकलों की स्थिति की जांच की जाए। कांवरियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए निर्देश दिया गया कि कांवरिया पथ पर दुकानें एक ही ओर कतारबद्ध लगाई जाएं।

ग्रामीण क्षेत्रों में कांवरिया पथ की साफ-सफाई हेतु संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश जारी किए गए। पक्की सड़कों पर दोनों ओर ढाई फीट की उजली पट्टी की पेंटिंग की जाएगी, ताकि कांवरियों के पांव में छाले न पड़ें। यदि दुकानदार निर्धारित रेखा के बाहर दुकान लगाएंगे, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।

बिजली विभाग को लटकते तारों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। बैठक में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, नियमित ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, कचरा उठाव, सुरक्षा व्यवस्था, घाटों पर जालीयुक्त बैरिकेडिंग, लॉकर की सुविधा, पांडा का पंजीकरण, मेला नियंत्रण कक्ष, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर आदि की तैयारी की समीक्षा की गई।

बताया गया कि जहाज घाट और सीढ़ी घाट पर एक-एक एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। सूचना केंद्र, विभागीय प्रदर्शनी और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिया गया कि वाहन पड़ाव और मेला क्षेत्र में ट्रैफिक की व्यवस्था को लेकर एक ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसका विज्ञापन प्रकाशित कराया जाए।

एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम घाटों पर लगातार गश्त करेगी। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेले में पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस बल सादे लिबास में भी तैनात रहेगा और सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने संयुक्त निदेशक, जनसंपर्क को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के लिए आकर्षक फ्लेक्स डिजाइन तैयार कराएं और सभी प्रचार सामग्री को समय पर उपलब्ध कराएं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: