



भागलपुर। सुल्तानगंज में आयोजित श्रावणी मेले के दौरान इस बार आस्था के साथ देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। झारखंड के टाटानगर से आए 51 कांवरियों के एक जत्थे ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक विशेष आकृति वाला कांवर लेकर बाबा धाम, देवघर की ओर यात्रा शुरू की।

इस कांवर यात्रा की खास बात इसकी मिसाइल जैसी आकृति और भव्य देशभक्ति सजावट रही। पूरे जत्थे ने “भारत माता की जय” और “बोल बम” के नारों के साथ माहौल को उत्साह से भर दिया। कांवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें कलात्मक ढंग से सजाई गई थीं। साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य को दर्शाते हुए विशेष कलाकृति तैयार की गई थी, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

कांवर को तैयार करने में करीब 45 दिन का समय लगा। श्रद्धालु पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि वे वर्ष 1992 से लगातार कांवर यात्रा कर रहे हैं और इस बार का कांवर उन्होंने देश के युवाओं को समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष वे शिव-पार्वती की आकृति वाला कांवर लेकर बाबा धाम पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कांवर के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश देने की कोशिश की है।
मुकेश मिश्रा, जो इस कांवर यात्रा में शामिल हैं, ने कहा कि यह कांवर ना केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह देश की सैन्य शक्ति, वीरता और युवाओं के जोश का सशक्त प्रतीक भी है।













