



भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के मारवाड़ी कॉलेज सभागार में शनिवार को आयोजित बजट सीनेट की वार्षिक बैठक उस समय बाधित हो गई, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने जबरन प्रवेश कर हंगामा किया। इस घटना को लेकर प्रभारी कुलपति सहित सीनेट के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया।
बजट सीनेट की बैठक प्रभारी कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुई थी। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए विश्वविद्यालय के बजट पर चर्चा हुई और इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। कुछ सदस्यों की आपत्ति पर अध्यक्ष ने यह नियमन दिया कि बजट में मौजूद कमियों, त्रुटियों और अशुद्धियों को दूर करने के बाद ही इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

बैठक के दौरान अभाविप के कार्यकर्ता मारवाड़ी कॉलेज के महिला विंग में चल रही सीनेट बैठक में जबरन घुस आए और नारेबाजी, तोड़फोड़ तथा अव्यवस्था फैलाने लगे। कार्यकर्ताओं ने सदन के भीतर टेबल रखकर मार्ग अवरुद्ध किया और बीच में ही लेटकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक बैठक की कार्यवाही ठप रही और सदन में गतिरोध बन गया। इस अमर्यादित कृत्य से विश्वविद्यालय की छवि धूमिल होने की बात कही गई।

सदन में उपस्थित सीनेट सदस्यों और पत्रकारों के समक्ष प्रभारी कुलपति ने स्पष्ट किया कि अभाविप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों का समाधान पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर क्रमवार जवाब देते हुए कहा कि किसी भी मांग का औचित्य नहीं था, इसके बावजूद जानबूझकर बैठक को बाधित किया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

कुलपति ने रखी उपलब्धियां और भावी योजनाएं
अध्यक्षीय संबोधन में प्रभारी कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा ने अपने लगभग चार माह के कार्यकाल में किए गए कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं और पूर्व से व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पारदर्शी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

कुलपति ने बताया कि वर्षों से लंबित शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया को गति दी जा रही है और शीघ्र ही चयन समिति की बैठक बुलाकर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही शोध, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
11 अरब से अधिक का घाटे का बजट पारित
सीनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए कुल 11,66,67,90,361 रुपये (11 अरब 66 करोड़ 67 लाख 90 हजार 361 रुपये) के घाटे का बजट पारित किया गया। यह बजट पूर्व में सिंडीकेट से भी अनुमोदित हो चुका है और अब इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा। बजट अभिभाषण वित्तीय परामर्शी चतुर किस्कू ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत और उपस्थिति
बैठक की शुरुआत अमर शहीद तिलकामांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। सांस्कृतिक परिषद एवं म्यूजिक विभाग, एसएम कॉलेज की छात्राओं ने कुलगीत, स्वागत गीत और राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति दी। बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे ने किया।
इस अवसर पर एमएलसी व सिंडीकेट सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, विधायक डॉ. ललित नारायण मंडल सहित बड़ी संख्या में सीनेट सदस्य, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद थे। उद्घोषक डॉ. मनोज कुमार रहे, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार झा ने दिया।














