


कक्षा 3 का 8वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल, मायागंज रेफर
नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्री लाल जी मध्य विद्यालय, सिंघिया मकंदपुर में कक्षा 3 में पढ़ने वाला छात्र आदित्य राज सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। वह विद्यालय में पढ़ाई के दौरान लंच में अपने घर गया था। लंच के बाद जब वह वापस विद्यालय आ रहा था, उसी दौरान स्कूल परिसर में प्रवेश करने के क्रम में सड़क पर तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि आदित्य करीब 10 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल छात्र की बहन रोहिणी कुमारी, जो उसी विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा है, ने बताया कि दोनों भाई-बहन साथ आते हैं लेकिन लंच का समय अलग-अलग होने के कारण आदित्य अकेले घर चला गया था। बहन रोहिणी स्कूल में ही थी जब यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्री लाल जी मध्य विद्यालय और श्री लाल जी उच्च माध्यमिक विद्यालय (हाई स्कूल), दोनों ही 14 नंबर सड़क के किनारे स्थित हैं। इस सड़क पर वाहनों की रफ्तार बहुत तेज होती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार छोटी-मोटी घटनाओं में लोग खुद ही अगल-बगल इलाज कर लेते हैं, लेकिन जब कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तभी मामला सामने आ पाता है। लोगों ने प्रशासन से स्कूल के पास यातायात नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।













