



गोसाई गाँव गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब
नवगछिया। चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का समापन सोमवार सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। जिले के विभिन्न गंगा घाटों के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने अपने घरों पर बनाए गए कृत्रिम तालाबों में भी भगवान भास्कर की उपासना की।

गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत गोसाई गाँव गंगा घाट पर सोमवार की सुबह आस्था का अनोखा दृश्य देखने को मिला। भोर होने से पहले ही व्रतधारी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में घाट पर पहुँच गईं। सिर पर पूजा के डाले और हाथों में सूप लिए, महिलाओं की श्रद्धा और भक्ति देखते ही बनती थी। व्रतधारियों ने सूर्यदेव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के कल्याण की कामना की।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बल तैनात रहा, वहीं एसडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और आपदा प्रबंधन कर्मी लगातार निगरानी में जुटे रहे ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
छठ मैया के गीतों, जयघोषों और गंगातट की पावन वसुंधरा पर फैले उत्साह के बीच यह महापर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रसाद ग्रहण करने के बाद खुशी और संतोष का भाव साफ नजर आ रहा था।
















