



भागलपुर । बिहार प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजन में मंगलवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में व्यापारी व उद्यमी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक बासुकी प्रसाद साह ने की जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पोद्दार ने किया।
सम्मेलन में उपस्थित व्यापारियों व उद्यमियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। मौके पर उद्यमियों व व्यापारियों ने जीएसटी में सुधार और दी गई राहत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।

अपने संबोधन में अशोक पंडित, प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीण भगत, जिला प्रभारी मनोज गुप्ता, जिला महामंत्री सचिन पोद्दार, निरंजन साह, उमेश पोद्दार, नवगछिया भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, जिला मंत्री रूपेश रूप, बिहपुर विधानसभा संयोजक दिनेश यादव और मृत्युंजय पाठक ने कहा कि सूबे की डबल इंजन सरकार बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे उद्योगों और कारोबारियों के हितों का भी विशेष ध्यान रख रही है।
वक्ताओं ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने से लेकर छोटे व्यापारियों को जीएसटी में राहत देने और उनके हितों की रक्षा करने तक सरकार लगातार काम कर रही है। जीएसटी में सुधार से उत्पादकों, व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ हुआ है, जिसके चलते वस्तुओं के दामों में कमी आई है। उत्पादन लागत घटने से आम उपभोक्ताओं को भी सस्ते दामों पर वस्तुएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस मौके पर प्रदेश सह संयोजक बासुकी प्रसाद साह समेत कई वक्ताओं ने कहा कि जीएसटी में सुधार व राहत से निर्माता, व्यापारी और आम उपभोक्ता—तीनों वर्गों को लाभ हुआ है। कार्यक्रम में अनिल पंडित, पंकज झा, अजय उर्फ माटो, कन्हैया झा, सौरव, परमानंद मंडल, लालमोहन, सदानंद मंडल व सिंटू सहित कई लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।













