0
(0)

नीतीश सरकार का ऐतिहासिक फैसला, लाखों छात्रों को मिलेगा लाभ, 10 साल तक कर सकेंगे ऋण की अदायगी

नवगछिया जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रवि कुमार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के नियमों में किए गए बदलाव को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि अब इस योजना के तहत छात्रों को मिलने वाला शिक्षा ऋण पूरी तरह ब्याजमुक्त होगा।

रवि कुमार ने बताया कि यह योजना ‘सात निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत 2 अक्टूबर 2016 से लागू है, लेकिन हालिया बदलाव से लाखों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले इस योजना में सामान्य आवेदकों को 4 प्रतिशत और महिला, दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर छात्रों को न्यूनतम ब्याज पर अधिकतम 4 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता था। अब यह सभी छात्रों के लिए पूरी तरह ब्याजमुक्त होगा।

उन्होंने कहा कि अब 2 लाख रुपये तक का ऋण 60 मासिक किस्तों की जगह 84 मासिक किस्तों में तथा 2 लाख से अधिक का ऋण 84 मासिक किस्तों की जगह 120 मासिक किस्तों में चुकाने का प्रावधान किया गया है। इससे छात्रों को अधिक समय और सुविधा मिलेगी।

जदयू नेता ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह निर्णय मील का पत्थर साबित होगा। गरीब परिवारों के बच्चे भी अब डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, मैनेजमेंट, आईटी, मीडिया, फार्मेसी, एग्रीकल्चर जैसे प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार का बच्चा अब मजदूर नहीं, बल्कि सम्मानजनक पदों पर नौकरी करता हुआ दिखेगा।

रवि कुमार ने जोर देकर कहा कि इस फैसले से न सिर्फ उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं को आर्थिक बोझ से भी बड़ी राहत मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: