



नवगछिया । नारायणपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित शिल्प प्रशिक्षण भवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नारायणपुर बीडीओ खुशबू कुमारी ने की, जबकि संचालन विश्व सूत्री समिति के सदस्य सह अधिवक्ता रंजीत कुमार मंडल ने किया।

बैठक में सदस्य रंजीत कुमार मंडल ने बताया कि क्षेत्र में नलजल योजना की कुव्यवस्था को लेकर लगातार मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक बदलाव नहीं हो पाया है। इस पर पीएचईडी के जेई ने सदस्यों को आवेदन देने का सुझाव दिया। रंजीत मंडल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब समस्याओं को कार्यवाही पंजी में दर्ज किया जा रहा है, तो फिर आवेदन की मांग क्यों की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी बार-बार आवेदन की मांग कर जनता को गुमराह करते हैं, जबकि दर्ज मुद्दों पर कार्रवाई कर समाधान की पहल करनी चाहिए।
इस बात पर जेई की टिप्पणी से विवाद बढ़ गया और बैठक में हंगामा हो गया। हालांकि, रंजीत गुप्ता एवं प्रभात रंजन उर्फ अनिल पटेल ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

बैठक में प्रखंड मुख्यालय में दलालों के माध्यम से कार्य कराने, सरकारी कर्मियों द्वारा आम जनता को टालमटोल कर चक्कर कटवाने, आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्याएं, बाढ़ पीड़ितों को क्षतिपूर्ति, दाखिल-खारिज, जन्म प्रमाणपत्र, जाति, आवास एवं राशन कार्ड बनाने में हो रही गड़बड़ियों, मधुरापुर के डीलर पंकज गुप्ता के लोगों द्वारा रिश्वत मांगने के वायरल ऑडियो, जलजमाव और ब्लीचिंग छिड़काव की समस्याओं को भी उठाया गया।
इन मुद्दों पर पदाधिकारी ने जनहित में जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। बैठक में रामचंद्र यादव, अग्नीदेव गोस्वामी, रंजीत गुप्ता, बृजेश शर्मा, अभिषेक कुमार मिश्रा, मनीष शर्मा, विकास कुमार ठाकुर, चित्तरंजन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।













