



भागलपुर। हबीबपुर थाना क्षेत्र में हुई एक जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बदरे आलमपुर मोहल्ले की है, जहां बीती रात आपसी रंजिश के चलते मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में एक युवक मोहम्मद सद्धाम की मौत हो गई, जबकि उसका भाई मोहम्मद कोनेन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। मृतक के भाई मो० कोनेन के बयान पर थाना में कांड संख्या 120/25 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई आरंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व नगर-02 के पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार ने किया।
इस टीम में हबीबपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार राजपूत, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सुमन कुमार राय, मनोज कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने छापेमारी कर नामजद तीनों अभियुक्त — मोहम्मद हासिम, मोहम्मद तालीम और मोहम्मद राजा उर्फ जिब्बो (पिता: सुमन, वार्ड संख्या 02, बदरे आलमपुर) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह आपसी रंजिश मानी जा रही है। अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई की जा रही है। मात्र आठ घंटे में इस जघन्य कांड का खुलासा होने से क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।













