



भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड के मानिकपुर पंचायत स्थित जिच्छो पोखर के पास उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासी विक्रम झा के घर में एक अत्यंत विषैला रसेल वाइपर सांप दिखाई दिया। इस खतरनाक सांप को देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल फैल गया।

ग्रामीणों ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय देते हुए सांप को डलिया से ढककर सुरक्षित कर लिया और तुरंत स्थानीय पत्रकार को इसकी सूचना दी। उसी समय संयोगवश एनटीपीसी के नवनिर्मित कार्य का निरीक्षण करने आए वन विभाग के पदाधिकारी पास ही मौजूद थे। पत्रकार द्वारा सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना किसी मशीन या आधुनिक उपकरण के, केवल लकड़ी के सहारे से रसेल वाइपर का रेस्क्यू कर लिया।

वन विभाग की इस तत्परता और साहसिक कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की ऐसी मुस्तैदी से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बताया जाता है कि रसेल वाइपर अत्यंत जहरीले सांपों की प्रजाति में शामिल है, जिसकी एक ही काट से इंसान की जान तक जा सकती है।
















