



मायागंज अस्पताल पहुंचते ही युवक की हुई मौत
मृतक के घर में मचा कोहराम
पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर कर रही जांच
नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी में सोमवार की दोपहर एक प्रेम प्रसंग के चलते 24 वर्षीय युवक ने जहर खाकर जान दे दिया । मृतक की पहचान नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया वार्ड संख्या- 13 के निवासी और गृहरक्षक जवान विवेकानंद चौधरी के पुत्र आनंद कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक का तीन से चार साल से राजेंद्र कॉलोनी की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में पूर्व में मृतक, लड़की और उनके परिवारवालों के बीच विवाद भी हो चुका था, जिसके चलते मृतक के परिवार की तरफ से न्यायालय में मामला चल रहा था।
बताया गया है कि रविवार को आनंद उर्फ छोटू अपनी बाइक से घर से निकला था। सोमवार की दोपहर राजेंद्र कॉलोनी में लड़की के घर के समीप उसकी लड़ाई हो गई, जिसमें युवक के साथ पहले मारपीट की गई। इसके बाद युवक ने किसी स्रोत से जहर लाकर उसी लड़के के घर के सामने जहर पी लिया। कुछ समय बाद युवक की तबीयत बिगड़ने पर किसी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। जब तक डायल 112 वहां पहुंची, तब तक उसे उसके रिश्तेदार और परिजन अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जा चुके थे। वहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया, लेकिन मायागंज पहुंचने पर युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक दो बहनों में इकलौता छोटा भाई था और उसके पिता गृहरक्षक जवान हैं। घटना के बाद मृतक की मां रिंकू देवी, पिता विवेकानंद चौधरी, दादा सीताराम चौधरी, और दोनों बहनों मौसम और काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक का पोस्टमार्टम मायागंज अस्पताल में कराया गया।
नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह ने कहा कि एक युवक ने जहर खा लिया था और उसकी मौत मायागंज अस्पताल में हुई। परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले की दोनों बिंदुओं—हत्या और आत्महत्या पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।













