



नवगछिया के एनएच 31 हरनाथचक में स्थित अरविंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संचालक अमरेंद्र सिंह मुन्ना द्वारा झंडोतोलन के साथ हुई। झंडोतोलन के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे समूचा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।

विद्यालय के छात्रों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति शामिल रही। विशेष रूप से बच्चों ने “शिक्षा की आज़ादी” विषय पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि स्वतंत्रता और शिक्षा के महत्व को भी उजागर किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में बिंदेश्वरी सिंह, अर्जुन मंडल, रामस्वरूप प्रसाद सिंह, अरुण झा, मृत्युंजय सिंह सहित मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय के कई कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों और प्रतिभागी छात्रों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बहुत ही अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार की अहम भूमिका रही।
















