



भागलपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भागलपुर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। समाहरणालय प्रांगण में कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा समाज सुधारक राजा राममोहन राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में ध्वजारोहण किया। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसएसपी हृदय कांत, आयुक्त कार्यालय में हिमांशु कुमार राय और पूर्वी प्रक्षेत्र कार्यालय में आईजी विवेक कुमार ने तिरंगा फहराया। वहीं सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने अपने आवास पर झंडोतोलन कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

सभी स्थानों पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने तिरंगे को सलामी दी और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और राष्ट्रीय गौरव की भावना से वातावरण गूंज उठा।

















