4.7
(3)

भागलपुर : रविवार की शाम विक्रमशिला सेतु पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आग लगते ही पुल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहगीर और अन्य वाहन चालक घबरा गए। इस दौरान पुल पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में ट्रैफिक पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया निवासी धीरज अपने परिजनों के साथ सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम जल चढ़ाने जा रहे थे। जैसे ही वह विक्रमशिला सेतु पार कर रहे थे, कार से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। सभी यात्री तुरंत कार से बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर और नवगछिया की ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि जब तक फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

कांवर यात्रा के कारण पहले से ही भारी भीड़ और वाहनों का दबाव था। इस हादसे ने स्थिति और गंभीर कर दी। प्रशासन ने बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया।

ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विक्रमशिला सेतु और आसपास के इलाकों में कुल 10 स्थानों पर जवानों की तैनाती की। रविवार को आसपास के जिलों से लाखों कांवरिए भागलपुर होते हुए सुल्तानगंज जा रहे थे, जिससे ट्रैफिक पहले से ही प्रभावित था।

फिलहाल, आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.7 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: