



भागलपुर : पीरपैंती थाना क्षेत्र के लकड़ाकोल गांव में पुलिस टीम पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में शामिल सात महिलाओं सहित कुल दस आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय में पेश किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व पुलिस की एक टीम किसी मामले में छापेमारी करने लकड़ाकोल गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात महिला और तीन पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीरपैंती थाना क्षेत्र में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, जिसे नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।














