



भागलपुर। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 155-कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत धनौरा पंचायत में ज्ञानदीप जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया। “पहले मतदान, फिर जलपान” और “वोट देने बढ़ें हम, रुके नहीं थकें नहीं” जैसे जोशीले नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत दीदियों ने आकर्षक रंगोली और मेहंदी निर्माण कर रचनात्मक तरीके से मतदाताओं को जागरूक किया। साथ ही संकल्प सभा का आयोजन कर उपस्थित महिलाओं ने आगामी 11 नवंबर को अपने वोट का प्रयोग हर हाल में करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की उपस्थिति रही। जागरूकता अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सभी लोग अपने मतदान के अधिकार का सही रूप से प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बना सकें।
















