



भागलपुर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर मखना के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बीवी सपना नामक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बीवी सपना अपने ससुराल से मायके लौट रही थी, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुआवजा व ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लंबी वाहनों की कतार लग गई।

सूचना पाकर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीश कुमार, इंस्पेक्टर गोपाल कुमार सिंह, थाना प्रभारी अभय शंकर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया तथा आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया।
उधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और रोष का माहौल है।

















