



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन- 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव को लेकर 152 – बिहपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत बिहपुर के मड़वा पश्चिम पंचायत में मतदाताओं को जागरूक करने को लेकर जीविका दीदियों ने बुधवार शाम दीपोत्सव का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने दीप जलाकर मतदाताओं को मतदान करने की प्रेरणा दी।

इस मौके पर वहां उपस्थित महिलाओं ने कहा कि जिस प्रकार दीप जलाकर अंधकार को भागलकर प्रकाश फैलाया जाता है, उसी प्रकार लोकतंत्र में मतदान कर देश को प्रगति और सही मार्ग पर लाया जा सकता है। देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने के लिए हम सबों को मतदान कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। दीपोत्सव कार्यक्रम में जीविका दीदियों के अलावा ग्रामीण, बच्चे सहित जीविका कैडर और जीविका कर्मी उपस्थित थे।
















