



लोक आस्था का महापर्व छठ की तरह है चुनाव भी है एक महापर्व, इसमें शामिल होकर लोकतंत्र को करें मजबूत
भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन- 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव को लेकर 153- गोपालपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया प्रखंड में बुधवार को आशा द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने और उन्हें मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के

लिए प्रोत्साहित करने हेतु मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जा कर बुजुर्ग मतदाताओं और नए वोटरों को चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने चुनाव की प्रक्रिया और मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक आस्था का महापर्व छठ की तरह चुनाव भी एक महापर्व है।

इसमें हम अपने गांव और राज्य के विकास के लिए तथा लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाते हैं। स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा अलग अलग गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य योग्य मतदाताओं को जागरूक करना और मतदान करने के लिए प्रेरित करना है।
छठ पर्व के मौके पर घर वापिस आने वाले प्रवासी मजदूर मतदाताओं को भी चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

















